फिलिस्तीन के राष्ट्रीय कवि महमूद दरवेश की रचनाएँ देशप्रेम और उस पर इजरायली कब्जे की पीड़ा से सराबोर हैं. उनकी कविता देश-निकाला झेलते आदमी की तकलीफ ही नहीं बल्कि उसके प्रतिरोध को भी व्यक्त करती है.पेश है उनकी एक महत्वपूर्ण कविता का अनुवाद...मैं वहाँ से आया हूँ
मैं वहाँ से आया हूँ और मेरे पास स्मृतियाँ हैं,
मैं औरों की तरह नश्वर हूँ और मेरे पास माँ है,
और है एक घर अनेक खिडकियोंवाला,
मेरे पास भाई, बंधु हैं
और एक कारागार भी है, जिसकी
खिड़कियाँ सर्द हैं.
वह लहर भी मेरी है जिसे अभी-अभी
समुद्री चिड़िया ने निगल लिया है,
मेरे पास मेरे विचार हैं,
और एक अतिरिक्त घास की पत्ती भी.
शब्दों के दूर तक फैले किनारे पर बैठा,
वह चन्द्रमा भी मेरा है,
और चिड़ियों की अनकही उदारता,
और जैतून वृक्ष की अकल्पनीय अनश्वरता भी.
जिस भूमि, पर मैंने तलवारों के साये में गति पाई है
उसका जीवंत शरीर अब निष्क्रिय बोझा भर है.
मैं, मैं वहाँ से आया हूँ.
मैंने खुले आकाश को उसकी माँ को सौंप दिया है,
जब वह माँ के लिए विलाप कर रहा था.
और मैं भी रोया,
लौटते बेसब्र बादल को अपनी पहचान बताने के लिए.
मैंने रक्त के आँगन में लिथड़े सारे शब्द सीख लिए हैं,
ताकि भंग कर सकूँ नियमों को.
मैंने सारे शब्दों को कंठस्थ कर उन्हें
खंडित कर दिया है ताकि
नवीन शब्द-सृजन कर सकूँ: मातृभूमि... .