कुल पेज दृश्य

शनिवार, 7 जुलाई 2012

खोखली आत्म-मुग्धता की शिकार युवतियां


      आधुनिक शिक्षित युवतियों में व्यवहारगत अंतर्विरोध और आत्म-मुग्धता की मनोदशा में इज़ाफा हुआ हैं. वे सामान्यतः रूढ़िबद्ध, जड़बुद्धि और असंतुलित व्यवहार की आदी हो रही हैं. यहाँ गम्भीर प्रश्न यह उठता है कि आधुनिक शैक्षिक व्यवस्था में पली-बढ़ी ये लड़कियाँ क्यों पीछे की ओर जा रही हैं या यों कह लें कि विकल्पहीन, एकांगी व्यक्तित्व से सम्पन्न हो रही हैं? क्या वे आज्ञाकारी समूह में बदल रही हैं? क्या उनमें सीमित क्रियाकलापों के प्रति सहज आकर्षण पैदा हो रहा है? यहाँ स्पष्ट करना जरूरी है कि सभी नहीं किंतु ऐसी युवतियों की बड़ी जमात है. वे अपनी उत्तेजित करनेवाली स्वतःजात इच्छाओं को पूर्ण करने की बजाए नियंत्रित और नियमित क्रियाकलापों में लगी रहती है. इन  युवतियों में स्व-चेतना और समझ का अभाव भी मिलता है. व्यक्तित्व की अस्थिरता व चेतनाहीनता के कारण वह आधुनिक नागरिक के विशेषाधिकार से वंचित रह जाती है. वे अपना दृष्टिकोण निर्मित करने में असफल रहती हैं और सभी किस्म के  आंदोलनों और  जागरुकता अभियानों से दूर रहती हैं. ज्ञान-विज्ञान के आविष्कारों ने स्त्री को अपना 'स्पेस' दिया है. समाज भी पहले की अपेक्षा उदार हुआ है. परन्तु वह इस खुलेपन का लाभ नहीं उठा पा रही. वह बिल्कुल ही चुनाव नहीं करती या अपेक्षाकृत कम कर पाती है. बाद में उत्पीड़ित महसूस करती है. मित्रों को चुनाव कर लेने और मन-भर जी लेने का सुझाव देते हुए खुद पर अफसोस करती दिखती है.आज की युवती अपनी विशिष्टता सिद्ध करना चाहती है. व्यक्ति होना चाहती है. आज भी इसके लिए उसे सबसे आसान ज़रिया विवाह करना ही लगता है. यह उसके लिए बेहतरीन कैरियर विकल्प है. इससे उसे एक झटके में आनंद, प्रेम, सम्मान, सुरक्षा, स्थायित्व, काम-सुख एवं सामाजिक प्रतिष्ठा मिल जाती है. पति के रूप में वह अच्छे मालिक और संरक्षक की खोज में रहती है. बिना कुछ किए पति के साथ व सहयोग के द्वारा स्वयं को स्थापित करना चाहती है. इस कारण वह पति के इच्छानुरूप स्वयं को प्रस्तुत करने में लगी रहती है. उसकी स्वायत्तता का मतलब समर्पण होता है. ऐसे में उसकी निष्क्रियता बनी रह जाती है. फलतः उसकी चेतना का क्षय होता है.
     गौरतलब है कि स्त्री के परम्परागत कार्य उसे व्यक्तित्व-सम्पन्न नहीं बनाते. वह सबकुछ करते हुए भी कुछ नहीं की स्थिति में होती है. उसके कार्य, योजना, लक्ष्य न तो उसे व्यक्ति के रूप में प्रतिष्ठित करते हैं, न ही उसे मुक्त करते हैं. स्त्री, वस्तुतः सैंद्धान्तिक आदर्शों की यूटोपिया और व्यवहारिक असमानता के यथार्थ में उलझकर टूट जाती है. माँ के रूप में उसकी लिंगीय श्रेष्ठता को स्वीकार किया जाता है किन्तु व्यवहार में उसके पास आत्मनिर्भरता और व्यक्तित्व दोनों का अभाव है. इस कारण कई बार वह अनवरत कठोर साधना नही कर पाती है. आत्म-सम्मोहन का भ्रम उसके बड़े उद्देश्यों को सीमित कर देता है. वह जल्दी लक्ष्यच्युत हो जाती है.
     स्त्री के हाव-भाव, पहनावा, श्रृंगार सभी उसके व्यक्तित्व का आवश्यक अंग हैं. यहाँ भी उसका नज़रिया महत्वपूर्ण है. बचपन से दी गई शिक्षा के अनुरूप वह स्वयं को दूसरों की नज़र से देखती है. देह उसके अस्तित्व से अलग अन्य तक पहुँचने का माध्यम भर रह जाती है. उसकी सुन्दरता, साज-सज्जा, गहने उसे प्रतिकूल दिशा में ठेल रहे हैं, कारण कि उसका नज़रिया अब भी पुराना है. उसके श्रृंगार में मातहत भाव ज्यादा है. सराहना पाते ही वह समर्पित हो जाती है. कृत्रिम रूपों और भोंडे प्रदर्शन में आनंद लेने लगती है.
     स्वयं को दर्शनीय दृश्य बनाकर पेश करती है. हमेशा सचेत होकर व्यवहार करती है, मानो कोई कैमरा उसका हरदम पीछा कर रहा हो. स्वयं को बेहद आकर्षक व प्रेजेन्टेबल बनाकर रखती है. शरीर का कामुक प्रस्तुतीकरण, बेवज़ह की चपलता, आँखों की चंचलता, बेवकूफी भरी बातों में अनावश्यक खिलखिलाहट ठूँसकर आमंत्रण की खुशबू बिखेरती रहती है. इनकी द्विअर्थी देह-भाषा, त्वरित प्रतिक्रिया, सतही वाचालता आकर्षित तो करती है, लेकिन इसमें कोई स्वस्थ भाव नहीं होता. यह खोखली होती है इसलिए जल्दी विकर्षित भी करती है. आत्म-मुग्धता के आलम में उसका संबंध वास्तविक संसार से टूट जाता है. वह केवल खुद को, अपनी देह को केन्द्र में रखकर व्यवहार करती है. इससे उसकी उपस्थिति हास्यास्पद हो जाती है. स्त्रियों के बीच की मित्रता, सह-अनुभूति और बतरस का अपना ही आनंद है. वे आपस में समस्त छोटी-बड़ी, ज़रूरी-गैरज़रूरी बातों का साझा करती हैं. यहाँ भी उनकी व्यक्तित्वहीनता के दर्शन आसानी से हो जाते है. बोलने के क्रम में वह अंदरूनी श्रृंखलाओं को तोड़ नही पा रही हैं. उनके उथले कम्युनिकेशन ने, स्त्री के विरुद्ध, पितृसत्ताक पुंसवाद को कहीं अधिक सुदृढ़ बनाया है. सामान्यतः वे आपसी साझेदारी बेहद ईमानदार हुआ करती हैं. यह ईमानदारी क्रमशः घटी है. सखियाँ सूचनाओं, समस्याओं, निजी जानकारियों को आपस में बाँटती अवश्य हैं, लेकिन इन्हीं बातों के साथ अपनी-अपनी व्याख्याएँ चिपकाकर अन्य लोगों तक फैला देती हैं. इस द्वितीय संप्रेषण के बाद उपजे दुष्प्रभाव को फिर आरोप-प्रत्यारोप बनाकर संबंधों का गुड़-गोबर कर देती हैं. वे बड़ी ही गैरजिम्मेदारी से शब्दों की शक्ति और संप्रेषण के गाम्भीर्य से खेलती हैं. और नकारात्मक स्थितियों में पड़ने पर नकली मासूमियत लपेट कर कहती हैं, मैंने ऐसा कब कहा था या मेरे कहने का यह मतलब नहीं था या मैंने इतना सोचकर नहीं कहा..                
     भाषा और भावों का वैविध्य, उसका स्त्री-सुलभ बेबाक प्रयोग औरत की इयत्ता को शक्तिशाली बनाता है. अल्ट्रामॉडर्निज़्म के नाम पर पुंसवादी भाषा का सामंती, एकसार व अराजक प्रयोग उसे ठस्स, गतिहीन और पंगु बनाता है. वह सामान्यतः द्वन्द्व-भाव या प्रतिशोध को लेकर जीती है. सभी से रोषपूर्ण व्यवहार करती है. मानो सब उसके दुश्मन हैं जिनसे उसे अपना हिसाब बराबर करके ही छोड़ना है. व्यक्तित्व की कुंठा उसके व्यवहार को असीमित तिक्तता से भर देती है. कई बार वह दूसरों का मखौल बनाकर अपनी उत्कृष्टता सिद्ध करने में लगी रहती है. ऐसे मैं उसका रवैया आत्मविश्वास से इतर अनुदार एवं असहिष्णु होता है. अपमान द्वारा घटिया हास्य उत्पन्न करना व्यक्तिगत ही नहीं सामाजिक पिछड़ापन भी है. इससे संवादहीनता की स्थिति बनी रह जाती है. ऐसी असामाजिकता खतरनाक होती है. उसकी सामाजिक समझ, सरोकार, नज़रिया शून्य होता है. बिना किसी ज्ञान और सचेतना के वह रिक्त, हताश, अशांत, अतिसंवेदनशील तथा चिड़चिड़ी बन जाती है.
(साप्ताहिक अखबार  'युवा शक्ति' में छपा मेरा आलेख)

शुक्रवार, 29 जून 2012

बदसूरत औरत



सुनो, बार-बार कहा है तुमसे 
कि  नहीं सही जातीं  प्यार के 
नाम पर जब-तब तुम्हारी प्रतिहिंसा.
तुम्हारे अभिमान के तीखे नाखून 
गड़े हैं मेरी देह में इधर-उधर 
तितर-बितर हो गयी है मेरी 
सुनहली ज़रीदार चुन्नी ...
मटमैला हो गया है मन 
बालों में अनचाही चिलचिलाती 
धूप बरसती है बरबस .

चेहरे पर न जाने कितने 
मुहाँसे यों ही फूट पड़े हैं 
आँखों में काजल टिकता ही नहीं 
पलकों में उतर आई है घनी काली रात 
होठों की पपड़ियों ने खुशगवार 
हौसलों को बांध दिया है 
अछोर अकेलेपन में उबकाई 
से भर जाता है मेरा जिस्म 
ये जो मेरे गाल पर काला तिल है ना 
अब उतना काला नहीं दिखता...
(जानती हूँ तुम्हें काला रंग पसंद है).

क्या कभी जान पाओगे कि, हम स्त्रियाँ 
नहीं जानतीं, तुम जैसों का प्यार...
क्या होता है?   कैसा होता है?
कैसे यह हमें बंजर बनाता 
रोज़ नए-नए उपनिवेश गढ़ता है.
सच कहूँ, हमारे तई, प्रेम में होना 
सम्मान में होना है,  सम्मान ...
जिसकी गाढ़ी कमी लगती है 
तुम लोगों के पास .

तुम्हारे गहरे प्यार(?) के छिछले प्रतिशोध 
में उतराती मेरी चेतना ने बचा हुआ 
निजी शेष वापस माँगा है तुमसे.
मुझे बातें करनी है हरे रंग के बारे में 
जो तुम्हें नहीं, मुझे बहुत पसंद है.
फिर टांकना है लिबास पर सारे सितारे 
बुनने हैं कोरे, चटकीले अपने सपने 
करनी हैं ढ़ेर सारी  खरीदारी..तुम्हारे बिना.

देखो, तुम्हारे प्यार ने मुझे 
बेइंतहा बदसूरत बना दिया है 
और ये बदसूरत औरत 
तुम्हारे प्रेम, पसंदगी, इच्छाओं की 
गौरव-गाथाओं के विरुद्ध खड़ी है.
क्योंकि,
मसला अब केवल तुम्हारे 
प्रेम का नहीं रहा ... 


  

रविवार, 13 मई 2012

मातृ-दिवस पर विशेष


माँ बनने का अधिकार केवल स्त्री को मिला है।इसलिए वह भयानक कष्ट को झेलकर भी माँ बनती है। गर्भ का प्रधान कार्य प्रजनन होकर भी यह स्त्री-दृष्टि और चेतना का वाहक है।स्त्री की प्रजनन-शक्ति, शिशु के निर्माण में उसके तन-मन की विराट भूमिका ही बच्चे के साथ उसके अन्तरंग सम्बन्ध की वाहक होती है। मातृत्व क्षमता उसकी अनमोल शक्ति होती है। यहीं से आरंभिक श्रम-भेद शुरू होता है।मृदुला गर्ग कृत उपन्यास 'कठगुलाब' का पात्र विपिन स्त्री की प्राकृतिक श्रेष्ठता से हतप्रभ है,''स्तनपान करने का एकाधिकार भी स्त्री के पास है।स्वार्थी-से-स्वार्थी स्त्री के पास निःस्वार्थ, निष्कलुष प्रेम कर पाने की सामर्थ्य है। ऐसी सम्पूर्ण पूंजी के होते उद्दातीकरण भला क्यों न होगा। भावनाओं का।अनुभूति का।अवश्य होगा।तभी न, बेचारा पंगु पुरुष अपनी अस्मिता सिद्ध करने के लिए इतनी उछल-कूद मचाये रखता है।''(पृ.214)

मनोविज्ञान में माँ-पुत्री के शारीरिक, कामुक समानता को घृणा के रूप में परिभाषित किया गया। इसका आधार विषमलिंगी आकर्षण को माना गया, जहाँ पुत्री माँ नहीं पिता की ओर आकर्षित होती है। जबकि सचाई यह है कि  स्त्री अपने शरीर और अपने ही जैसे शरीर के साथ ज्यादा स्वाभाविक होती है। अवचेतनगत स्तर पर माँ-पुत्री में सहज जुड़ाव होता है जो पुत्र के साथ नहीं होता।अतः स्त्रीत्व के, यौनिकता के धरातल पर स्त्री-स्त्री( माँ-पुत्री) का सम्बन्ध अधिक अनुकूल है। पुत्र विकास के क्रम में चेतन और अवचेतन स्तर पर माँ पर अपनी निर्भरता को नकारता चलता है। वह माँ के साथ अपने संबंध का दमन करता है ताकि वह भावात्मक स्वायत्तता प्राप्त कर सके। जबकि लड़कियों द्वारा इस भावात्मक स्वायत्तता को हासिल करना कहीं अधिक सरल होता है।वे लड़कों के समान 'यांत्रिक योग्यता' की बजाए सूचना और संसार के निपुण संसाधनों से युक्त होती हैं। उनकी प्रवृत्ति अभिव्यक्ति की ओर न होकर, माँ से सम्प्रेषण की ओर होती है। माँ-पुत्री के बीच सूचनाओं, बातों का अंतहीन सम्प्रेषण उनकी कामुक स्वायत्तता के साथ स्व-पहचान की डोर को भी मजबूत करता है।

कामुक-रूप से स्त्री की अर्थवत्ता को केवल मातृत्व के दायरे में या प्रजनन की क्रिया से जोड़कर देखना एकांगी दृष्टिकोण है।स्त्री का अस्तित्व पूर्ण स्त्री होने में है। केवल प्रजनन का उद्देश्य नारी के लिए काम-सुख से इतर प्रसव वेदना और मृत्यु का पर्याय बन जाता है। दूसरी ओर, माँ बनने के बाद या न बन पाने के कारण उसका लैंगिक महत्व ख़त्म मान लिया जाता है। यह मातृत्व की मूर्ति-पूजा है। इसकी परिणति जनसंख्या-वृद्धि, गर्भपात के अवांछित मामलों, स्त्री के ठस्स अकामुक व्यक्तित्व, कुंवारे मातृत्व के सामाजिक बहिष्कार के रूप में देखा जा सकता है। यहाँ यह समझना बेहद जरूरी है कि मातृत्व स्त्री की इच्छा-अनिच्छा,चुनाव,एकाधिकार,  स्वतंत्रता और दायित्व का मसला है , जिसे खुले ह्रदय से उदारतापूर्वक स्वीकार किया जाना चाहिए।       

रविवार, 6 मई 2012

'सत्यमेव जयते'


आमिर खान के कार्यक्रम 'सत्यमेव जयते' को देखकर काफी संतुष्टि मिली. कन्या भ्रूण-हत्या पर आधारित यह कार्यक्रम विभिन्न पक्षों को सामने लाता है. ऐसी पहल का स्वागत किया जाना चाहिए. टेलीविजन को बुद्धू-बक्सा  बनाये जाने की होड़ के विरुद्ध यह एक प्रभावी कदम है. अपने समकालीनों से आमिर काफी आगे खड़े दिखाई देते हैं. केवल मनोरंजन के नाम पर फूहड़ता और स्त्री की छवि बिगाडते कार्यक्रमों में स्त्री की जमीनी सचाई व त्रासदी से वाकिफ़ करवाना सराहनीय है. घरेलू हिंसा के विविध रूपों से भी हम रूबरू होते हैं. एक ओर माँ से पूछे बिना गर्भस्थ शिशु की हत्या करवा दी जाती है तो दूसरी ओर बच्चियां पैदा करने के अपराध के कारण औरत का चेहरा पति द्वारा बुरी तरह कुतर देने की भयावह स्थिति का सच सामने आता है, पढ़ी-लिखी तबके की स्त्री भी जुड़वाँ बच्चियों को जन्म देने के कारण पति का घर छोड़ने पर मजबूर होती है. हिंसा झेलती स्त्रियाँ, उनके विविध परिवेश के बावजूद एक समान कष्ट हैं. शोषण और उत्पीडन के अनेक शारीरिक, मानसिक रूपों के साथ, लगातार होती भ्रूण-हत्या के प्रभावों की भी चर्चा की गयी...मसलन, लड़कों का कुंवारा रह जाना, स्त्रियों की खरीद-फ़रोख्त, देह-व्यापार की समस्या. इसके चिकित्सकीय धन्धेखोरी को भी उजागर किया गया. जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं  द्वारा यह सच भी सामने आया कि  यह जघन्य अपराध उच्च वर्गों में ज्यादा है,निम्न वर्गों की बनिस्बत. आमिर ने आंकड़ों की उलझनों को आसान तरीके से रखकर समस्या की विकरालता को ठीक ढंग से रेखांकित भी किया.
मुझे इसका फॉर्मेट अच्छा लगा. केवल इतना कि यह बताया जाना भी जरुरी था कि 1):गर्भपात करवाना न केवल वैध है बल्कि यह स्त्री के व्यक्तिगत चुनाव और अधिकार का भी मसला  है. 2): भ्रूण-परिक्षण के खिलाफ बने कानून पी.सी.पी.एन.डी.टी. एक्ट (प्री कंसप्सन एंड प्री नेटल डैग्नोस्टिक टेक्निक एक्ट) के प्रति जागरूकता अनिवार्य है. टेलीविजन की पहुँच का इस्तेमाल 'जेंडर  सेंसिटाईजेसन' के साथ एक नागरिक के तौर पर स्त्री के अधिकार व उपलब्ध कानूनों की जानकारी को सुदूर क्षेत्रों तक पहुँचाने के लिए किया जा सकता है. अंत में, हम तहे दिल से आमिर के इस कार्यक्रम का स्वागत करते हैं... यह अच्छे कलेवर से सम्पन्न है. मेहनत  से इसे बनाया गया है. समय के साथ यह और भी महत्वपूर्ण पहलूओं के साथ उपस्थित होगा, यही कामना है.      

गुरुवार, 1 मार्च 2012


मुझे खुद पर शर्म आती है : माई नेकेड सीक्रेट *
(*Discovery चैनल से साभार)

डिस्कवरी चैनल पर 'माई नेकेड सीक्रेट' नामक एक आधे घंटे के कार्यक्रम को देखकर बड़ी उथलपुथल-सी मची हुई थी. जरूरी हो गया साझा करना. पहले इस कार्यक्रम के बारे में बता दूँ कि यह 'हेलेना' नाम की पैतीस वर्षीय युवती पर आधारित है, जो बच्चों की देखभाल करनेवाली नैनी है. उसके साथ टीवी स्क्रीन पर उसकी बहन और नजदीकी मित्र नजर आती हैं. जिनके साथ वह हंसती, गाती, मस्ती करती दिखती है. किन्तु कार्यक्रम का मूल बिंदु यह है कि वह अत्यंत निराशाजनक स्थिति में है. कारण है उसका बेडौल शरीर. वह सतत कुंठित होती रहती है, उसे स्वयं से नफरत है. उसकी इस मानसिक अवस्था से कोई परिचित भी नहीं दिखता. वह एक बार सर्जरी करवा कर शरीर का अतिरिक्त मांस निकलवा चुकी है. सर्जरी में कुछ गड़बड़ी होने के कारण हेलेना का शरीर खासा बेडौल भी हो गया है. भविष्य की चिंता में वह मायूस हो गयी है. सम्बंधित डॉक्टर द्वारा उसके विविध अंगों के फोटोग्राफ लिए जाते हैं, जिन्हें देखकर वह बहुत रोती है. यही फोटोग्राफ उसके मित्र को पहली बार दिखाकर उसकी प्रतिक्रिया ली जाती है, जहाँ वह कहती हैं कि उसे नही लगता कि हेलेना बदसूरत है. हाँ, यह उसके जीवन का कठिन समय जरूर है. ऐसा कहते ही वह फफककर रोने लगती है. हेलेना पुनः सर्जरी करवाती है. चार घंटे की सर्जरी और छः हफ़्तों के बाद वह ठीकठाक दिख रही है, खुश है. जबकि इस बात की कोई गारंटी नहीं कि कब सारी वसा जमकर उसे पहले जैसा बना दे.


इस कार्यक्रम को देखते हुए यह अहसास गहराता चला गया कि आज की स्त्री का सौंदर्यबोध स्वयं से उत्पन्न नफरत पर आधारित है. उसका सौन्दर्यबोध स्टीरियोटाइप छवियों में उलझा हुआ है. जहाँ वह हमेशा दूसरों की तरह दिखना चाहती है. एक-जैसी बॉडी-टाइप के जमाने में वह खुद से शर्मसार है. शरीर और सौंदर्य के मानक हमेशा से अस्थिर रहे हैं...कभी जीरो फ़िगर तो कभी थोड़ी सुगठित मांसलता... गौरतलब है कि इस हाड़-सौन्दर्य  और मांसल-सौन्दर्य में अनुपात ज़ायका बनाये रखने तक ही सीमित है. तभी वह उपयोगी है, बेचने के लायक है. वह ऐसी व्यवस्था का हिस्सा है जहाँ उसके सन्दर्भ में क्या, कितना, कहाँ, कितना ज्यादा या कम जैसी संभावनाएं पूर्वपरिभाषित हैं. किस्साकोताह यह कि रास्ते वही पहलेवाले बने-बनाये ही हैं...बस आज्ञाकारी भाव से चलने की जरूरत है. आश्चर्य नही कि बोल्डनेस और स्वतंत्रता कि बड़ी-बड़ी तकरीरें शरीर और सौन्दर्य के वस्तुकरण पर आकर टूटती हैं.


सौंदर्य और श्रृंगार की परम्परागत लालसा ने स्त्री प्रजाति को गतिहीन, अविकसित व निष्क्रिय बना दिया है. सीमोन द बोउवार के अनुसार,''स्त्रियों की पोशाक और सज्जा के उपकरण भी इस तरह बनाये जाते हैं, जिससे वे  विशेष कार्य न कर सकें.चीन की स्त्रियों के प्रारंभ से ही पांव बंधे रहते हैं, जिससे उन्हें चलने में भी कठिनाई होती है. हॉलीवुड की अभिनेत्रियों के नाखूनों पर इतनी गहरी पॉलिश रहती है कि वे हाथ से कार्य करना पसंद नहीं  करतीं. उन्हें 'भय' रहता है, पॉलिश उतर जाने का. ऊची एड़ी के जूते पहनने और कमर और उसके आसपास के हिस्से को आवरणों में छिपाए रखने के कारण वे अंग विकसित नही हो पाते. उनमें घुमाव व वक्रता नहीं आती. वे निष्क्रिय पड़ जाते हैं.''(सीमोन द बोउवार, स्त्री: उपेक्षिता, पृ.८५-८६)


वास्तविकता यही है कि जब तक स्त्री को कोमल, सौन्दर्य-युक्त आनंद देनेवाली वस्तु के रूप में देखा जायेगा तब तक उसका विवेकवान, विचारशील मनुष्य रूप हमेशा अवहेलित और अपमानित होता रहेगा. इस क्रम में उसका शोषण, उत्पीड़न भी अधिक होगा... सौन्दर्य का रेशमी आवरण झूठे आदर भाव के साथ  गहन अत्याचारी भाव को भी जन्म देता हैं. अतः विवेकहीन बाहरी सुन्दरता औरत को अंतर्विरोधी व आत्मग्रस्त बनाती है. वह छोटी-छोटी सुरक्षा व सुविधा के लिए गैरवाजिब समझौते करती है. अंततः नफरत की शिकार होती है. जैसा कि मेरी वोल्स्तानक्राफ्ट का भी मानना है ''प्रकृति के प्रथम कोमल दोष से एकरेखीय वंशक्रम में, सौन्दर्य की सत्ता को, उत्तराधिकार में प्राप्त कर, उन्हें अपनी शक्तिमत्ता को कायम रखना होता है, उन प्राकृतिक अधिकारों को, तर्कबुद्धि का उपयोग जिसे उपलब्ध करा सकता था, उन्होंने त्याग दिया था और समानता से उपजे आनंद अर्जित करने के उद्यम के बजाय अल्पकालिक रानियाँ बनना अधिक पसंद करती थीं. अपनी हीनता से उन्नत(यह अंतर्विरोधी भाव प्रतीत होता है) वे स्त्री रूप में अनवरत आदर-पुष्प अर्पित किये जाने की मांग करती हैं, हालाँकि अनुभव से उन्हें यह शिक्षा ग्रहण की जानी चाहिए कि वे पुरुष जो नितांत कर्तव्यनिष्ठ सटीकता के साथ स्त्री-जाति के प्रति, यह उद्यत आदर भाव अर्पित करने में स्वयं को गौरोवान्वित अनुभव करते हैं, अत्याचार के लिए सर्वाधिक प्रवृत्त हो जाते हैं और उस दुर्बलता से घृणा करने लगते हैं जिसका वे ऊंचा मूल्याङ्कन करते होते हैं.'' ( मेरी वोल्स्तानक्राफ्ट, स्त्री-अधिकारों का औचित्य-साधन,पृ.८६.)


स्त्री की देह, इच्छा, निर्णय, स्वायत्तता के प्रश्न को कहीं न कहीं बोल्डनेस, बॉडी, ब्यूटी के पूंजीवादी प्रक्षेपणों से नियंत्रित और नियमित किया जा रहा है. कामुकता व सेक्स उद्योग के विशालकाय रूप ने कामुकता का नया अर्थशास्त्र विकसित कर लिया है. अकारण नही कि शरीर और जीवन-शैली को अस्मिता से जोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है. संचार माध्यमो में देह के  'एपिअरेंस'  और 'कंट्रोल' की अनेकानेक प्रस्तुतियां आम जनजीवन पर हावी होती जा रही हैं. डाइटिंग उद्योग,जिम, स्पा, पार्लर,प्लास्टिक सर्जरी की कई किस्मो ने विश्व्यापी पूंजीवादी व्यवस्था को नई गति दी है. इसके केंद्र में विशेषकर युवा हैं. शरीर, सेक्स और सेक्सुअलिटी की वास्तविकता की जगह नियोजित तरीके से पूर्वाग्रहों का सृजन किया जा रहा है. वैज्ञानिकता और सहज भाव कहीं पीछे छूट गया हैं.


परवर्ती पूंजीवादी बाज़ार ने तेजी से शरीर, सौन्दर्य, स्वास्थ्य, सुरक्षा,सुविधा के नाम पर वस्तुतः असुरक्षा और असंतोष का निर्माण किया है. सारे मानक बाज़ार के हिसाब से सुनिश्चित कर दिए गये हैं जिसे प्राप्त करने के लिए दैनंदिन जीवन में सतत संघर्ष जारी है. और सारी कोशिशों के बावजूद पूर्वनिर्मित मानकों तक नही पहुँच पाना  निराशा और तनाव का सृजन करता हैं...तथाकथित सुंदर दिखने के लिए वे खतरनाक ऑपरेशन तथा निराहार रहने का जोखिम उठाती हैं. पुनः मोटे हो जाने, कुरूप हो जाने, लड़की की तरह न दिख पाने, प्रेमी या पति न मिलने के भय से आक्रांत युवती सामान्य जीवन से दूर हो जाती है. उसका सारा प्रयास क्या-क्या चाहिए पर टिका होता है और इसी क्रम में वह अपना स्वाभाविक सौन्दर्य, आत्मविश्वास और आत्मसम्मान खोती चली जाती है. वह ऐसी दौड़ में शामिल हो गयी है जहाँ स्वार्थी और आत्मग्रस्त हो जाना जितना आसन है उतना ही अकेले पड़ते भी. यहाँ सभी शत्रु हैं, कोई मित्र नही. ऐसे में आत्मबल से हीन औरत आवश्यक संबंधों को न तो बना पाती है, न ही निभा पाती है. देह ही उसका साधन और साध्य बन जाती है. वह गहरी निराशा में खुद से घृणा व दूसरों से ईर्ष्या करती है.


स्त्री का शरीर और सुन्दरता उसके प्रभावशाली व्यक्तित्व के ही हिस्से हैं...किन्तु पूरी स्त्री नही. यहाँ जरुरी हैं कि औरत को उसके काम और भूमिका से पहचाना जाये. इससे उसके घर और बाहर के श्रम को पहचान और सम्मान तो मिलेगा ही साथ ही वह स्वयं भी परम्परागत अनुत्पादकता के भ्रम से निकल सकेगी. उसकी शिक्षा और परवरिश में उसके निजी व्यक्तित्व को ध्यान में रखा जाना चाहिए न कि किसी अदेखे पुरुष या उसके परिवार को. आवश्यक है कि वह अपनी देह को लेकर सहज हो. तभी उसका सौन्दर्य और श्रृंगार सजीव होगा. हमेशा दूसरों की नज़र से खुद को देखती स्त्री निजी इच्छाओं, जरूरतों से अनजान रह जाती है. आज का हाल यह है कि हरतरफ स्त्री ही छाई हुई है, लेकिन औरत, उसकी अनुभूति, अभिव्यक्ति को लेकर असहिष्णुता और संवेदनहीनता का विस्तार हुआ है. शरीर, सेक्स और सेक्सुअलिटी के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण के अभाव में व्यक्तिगत, पारिवारिक व सामाजिक रूप में कुंठाओं और अंतर्विरोधों  का निर्माण हुआ है. हम देह के सामान्य विकास और प्रक्रियाओं को दरकिनार कर अनेक काल्पनिक अपेक्षाओं में जी रहे हैं...इससे चेतना, स्वायत्तता की क्षति हुई है. अतः जरूरी है कि स्त्री अपने अंतर्विरोधों से स्वयं संघर्ष करें, वस्तु बनने की प्रक्रिया से सचेत रूप से अलग हो. खुद से प्रेम करना सीखे.

शुक्रवार, 9 दिसंबर 2011

                                            'द डर्टी पिक्चर'

अंततः आज देख पाई 'द डर्टी पिक्चर'. बेहतरीन अभिनेत्री हैं विद्या बालन. फिल्म से अगर कुछ व्यक्तिगत असहमति हैं तो  वह प्रोमोशन में स्त्री के एकल पक्ष को पेश करने से हैं. प्रोमोशन और फिल्म दोनों ही मनोरंजन के टैग लाइन को लेकर चलती हैं. कई बार यह आभास भी होता हैं कि ८० के दशक के दर्शकों और आज के दर्शकों का अंतर समाप्त हो गया हैं. कहीं-न-कहीं यह कहानी पेशेवर नैतिकता को भी तार-तार करती हैं. जहाँ 'सिल्क' का नाम हैं, भरपूर शरीर हैं, कुछ प्रेडिक्टेबल भाव, भंगिमाएं, निश्चित अवसान हैं... असली सिल्क गायब हैं. पुरुष के निर्देशन, वाचन, पुंस प्रधान माध्यम में इससे ज्यादा की अपेक्षा बेमानी हैं, वह भी तब जबकि हिट होने के सारे फंडे जायज़ लगने लगे हैं. ऐसा भी नही कि स्त्री विशेष अच्छी फ़िल्में पुन्सवादी माध्यम और समाज में नही बनतीं किन्तु सफल होने की मानसिकता और बाज़ार की चमक ज्यादा हावी रही हैं.समय के साथ ये दबाव भी बढ़े हैं.


सिल्क के अभिनय में विद्या ने कई बाड़े तोड़े हैं तो कई बना भी दिए हैं. स्त्री क्या केवल शरीर हैं? जिसे देखने, आस्वाद लेने के क्रम में उसका नाम, व्यक्तित्व, उसका मनुष्यत्व ख़त्म कर दिया जाता हैं. उसके जीवन से नैतिक-अनैतिक होने की बहस इस तरह जुड़ गयी हैं कि लाख छटपटाहट के बाद भी वह पित्रिसत्ताक उपाधियों से परे नही जा पाती. आरंभिक ऐश्वर्य, धन उसे भी लुभाता हैं...वह बढ़ती जाती हैं इस खामख्याली में कि अपनी शर्तो पर जी सकती है, आगे बढ़ सकती हैं,'वह ऊपर हैं और सब नीचे'...'सिल्क कोई फिल्म नही जो इंटरवल के बाद बदल जाएँ'... बदलता हैं, सबकुछ बदलता हैं , अपनी ही देह का हथियार के सामान इस्तेमाल करती सिल्क अब इस्तेमाल के लायक नही लगती.'जो था वो तो वह दिखा चुकी'...भंवरी देवी की अकाल मृत्यु , एक न्यूड तस्वीर छपने पर पिता द्वारा घर से बहार निकली गयी वीना मलिक (सौ. नवभारत टाइम्स)...ऐसा मोड़ जब लगता हैं कि शोषक और शोषित का अंतर समाप्त हो चला हैं...


स्त्री के अस्तित्व का अभिन्न हिस्सा उसका शरीर हैं लेकिन वह केवल देह नहीं हैं...केवल देह के धरातल पर वह सजीव मांसपिंड में तब्दील हो जाएगी. इतने तामझाम के बाद कहानी का पूर्वानुमानित ढांचा काफी निराशाजनक हैं. वास्तव में यह आधारहीन कहानी मात्र हैं जहाँ जीवन का अतिसरलीकरण कर दिया गया हैं. नायिका अंततः एक झूठ महसूस होती हैं...कारण कि औरत को उसकी मानसिक, भावनात्मक, शारीरिक, लैंगिक, सामाजिक जटिलता में ही पहचाना जा सकता हैं. मनोरंजन और आनंद प्रदान करने के अतिशय दबाव में स्त्री की फेक इमेज सामने आती हैं. फिल्म-उद्योग का ऐसा काला सच सामने आता हैं कि लगता है कि कोयले की दलाली में सबके हाथ काले हैं. फिर क्यों केवल स्त्री ही ऐसी निर्मम सजा और दुखद अंत की भागीदार बनती हैं? पूरी प्रक्रिया में सिल्क का हारते हुए, थकते हुए निर्णित अंत तक पहुँच जाना कितना सहज तथा स्वाभाविक लगता हैं... ऐसी एकोंमुखी प्रस्तुति अंततः स्त्री को भयभीत करती हैं, उसे जोखिम लेने से डराती हैं... बड़े-बड़े धाँसू डायलाग्स में सिल्क की मायूस जिंदगी महसूस हुए बिना ही बीत जाती हैं... मेरे तईं विद्या की बेहतरीन अदाकारी किन्ही अर्थों में ज़ाया भी हुई हैं...


यहाँ यह प्रश्न भी उठता हैं कि 'जो दिखता हैं, वो बिकता हैं' का तर्क, इंटरटेनमेंट की प्राथमिकता, ने क्या दर्शक वर्ग की रुचियों का परिष्कार और जेंडर सेंसिटाईजेसन  भी किया हैं या नही? दृश्य-श्रव्य माध्यम होने के कारण फिल्मों की विराट पहुँच, विकास व अकूत शक्ति के साथ-साथ जिम्मेदाराना रवैया भी जरूरी हैं.यह फिल्म भी कुछ प्रश्न हमारे सामने अवश्य छोड़ जाती हैं कि स्त्री को कहाँ ढूंढें? वह आखिर कहाँ होती हैं? कब वह होती हैं और कब अनजाने ही फिसल जाती हैं?  वह देह में है या भंगिमाओं में, ह्रदय में हैं या मस्तिष्क में, गर्भ में हैं या योनी में, इच्छाओं में हैं या महत्वाकांक्षाओं में, या शुद्ध अनुभूतियों में हैं... 

बुधवार, 7 सितंबर 2011

बम विस्फोट और निरीह जनता

दिल्ली उच्च न्यायालय के पास विगत साढ़े तीन महीने के अन्तराल में दो बम धमाकों ने न केवल देश में बल्कि पूरे विश्व पटल पर भारतीय सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी हैं. इस विस्फोट में लगभग ११ लोगों की मृत्यु हुई है और ६५ लोग घायल हैं. इस घटना ने पुलिस और ख़ुफ़िया विभाग के बीच के गहरे असामंजस्य को उजागर किया ही है तथा साथ ही सुरक्षा, सुरक्षा-एजेंसियों और आतंकवाद की समस्या पर अत्यधिक राजनितिक गैर पेशेवराना दबाव के सच को भी रेखांकित किया है. 
यह उच्च न्यायालय जैसे संवेदनशील स्थान में सुरक्षा की भारी कमी की के सच को भी पुख्ता करता है. एक बार धमाका हो जाने के बाद भी पर्याप्त सुरक्षाबलों और सी सी टी वी कैमरे का अभाव पुलिस, प्रशासन की व्यावहारिक और तकनीकि असफलता है.लगभग  साढ़े तीन महीने में यह तय नही हो पाया कि कैमरे कौन लगाएगा? २००९ तक विशेष आतंकवाद विरोधी केंद्र बन जाने की बात थी जो अबतक पूरी नही हो पाई है. इस समय पुलिस व सुरक्षा संगठनो में तालमेल का अभाव, सूचनाओं की निश्चित अवधि में आदान-प्रदान की कमी भी है. पुलिस भी राजनीतिक आकाओं की सेवा, सुरक्षा में लगी रहती है. उसमे पेशेवर रवैये की कमी है. वह जनता के प्रति अपने दायित्व निभाने में असक्षम है.पुलिस के सबसे नीचे का सुरक्षा घेरा अत्यधिक कमजोर है. ये सारी बातें सच होने के बावजूद इकहरी हैं. सचाई यह भी है कि पुलिस के पास संसाधनों और मैन पावर की व्यापक कमी है, दायित्व ज्यादा हैं. पूरे देश में पुलिस से सम्बंधित पदों में भर्ती नही हो पाई है. नये राज्यों के निर्माण के साथ सुरक्षा की जरूरतें तो बढ़ीं किन्तु उस अनुपात में प्रशिक्षण केन्द्रों की स्थापना नहीं हो पाई. यह भी तथ्य छुपा हुआ नही है कि आतंकी संसाधनों के मामले में कहीं ज्यादा समर्थ व खतरनाक हैं. देश की सबसे बड़ी गुप्तचर एजेंसी आई बी में ९४४३ पद रिक्त पड़े हैं. लोकसेवा के उच्चतम पदों का भी यही हाल हैं. भर्ती की प्रक्रियाओं की पेचीदा स्थिति ने व्यक्तिगत लाभलोभ, भ्रष्टाचार और राजनीतिक दखलअंदाजी को बढ़ा दिया हैं. एन एस जी ,एन आई ए जैसे संगठन बने तो हैं किन्तु पर्याप्त नही हैं. राज्य और केंद्र के बीच भी ज्यादा संतुलन की जरुरत है.
फिलवक्त की वास्तविकता यह है कि आतकवाद की जड़ तक पहुँचने में नाकामयाबी,बढ़ते हमले, झूठे आश्वासन ने यह बहस तेज कर दी है कि क्या भारत एक निष्क्रिय (पैसिफिक/सॉफ्ट) राष्ट्र है? कानून होने के साथ उसे निश्चित समयावधि में लागू करना भी जरुरी हैं. ऐसे जनसंहार के विरुद्ध कठोर असहिष्णु रूख ही अपराधियों को  भयभीत कर सकेगा. इसके लिए न्याय प्रक्रिया में तेजी लाने की भी जरुरत हैं. ऐसी घटनाओं से सबक लेकर न केवल आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की वरन जिम्मेदार लोगों, अफसरों की जवाबदेही तय करने की आवश्यकता है. ताकि उचित सुरक्षा व सूचना तंत्र खड़ा किया जा सके.